हरिद्वार।फायर स्टेशन मायापुर हरिद्वार द्वारा 03 अप्रैल 2026 को औद्योगिक क्षेत्रों में अग्नि सुरक्षा को लेकर एक प्रभावी जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के तहत लीडिंग फायरमैन खजान सिंह, फायर सर्विस चालक विपिन तोमर, एफएम मदन लाल, एफएम नीरज राणा तथा एफडब्ल्यू प्रीति रौथाण की टीम ने इब्राहिमपुर स्थित मोदी इंडस्ट्रियल गैस और बहादराबाद के मोदी एयर प्रॉडक्ट प्लांट में पहुंचकर कर्मचारियों को अग्निशमन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को फैक्ट्री परिसर में लगे अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही किचन में इस्तेमाल होने वाले एलपीजी गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी देते हुए व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे कर्मचारी आपात स्थिति में तुरंत और सही कदम उठा सकें।
फायर टीम ने उपस्थित कर्मचारियों को आपातकालीन सेवा नंबर 112 की विशेषताओं के बारे में भी जागरूक किया और अपील की कि इस महत्वपूर्ण जानकारी को अपने परिजनों, मित्रों और आसपास के लोगों तक अवश्य पहुंचाएं।
इस जागरूकता कार्यक्रम से कर्मचारियों में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ी और उन्होंने इसे अत्यंत उपयोगी पहल बताया।
औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा पर फायर विभाग का जागरूकता अभियान, कर्मचारियों को दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण 🔥



