हरिद्वार। कमल शर्मा
माँ अंजनी के लाल, संकटमोचन, कृपा निधान वीर बजरंगबली हनुमान अपने भक्तों के जीवन से सभी संकट, दुख और कष्ट हर लेने वाले देव माने जाते हैं। उनकी कृपा जिस भक्त पर बरसती है, उसके जीवन में साहस, शक्ति, भक्ति और सुख का प्रकाश फैल जाता है।

आज मां अंजनी देवी मंदिर में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं मनसा देवी ट्रस्ट के अध्यक्ष, पंचायती श्री निरंजनी अखाड़े के सचिव परम पूज्य महंत रविंद्र पुरी जी महाराज पधारे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि बजरंगबली ऐसे दयालु देव हैं, जो बिना मांगे ही भक्तों की झोलियां खुशियों से भर देते हैं। जो श्रद्धा और सच्चे मन से उनकी आराधना करता है, उस पर हनुमान जी की विशेष कृपा बनी रहती है।

इस अवसर पर माता अंजनी देवी मंदिर के महंत सतीश गिरी महाराज ने कहा कि जो भी भक्त मां अंजना के दरबार में आता है, वह प्रसन्नता, आशा और आशीर्वाद से भरकर हंसते-गाते लौटता है। उन्होंने कहा कि हनुमान जी केवल शक्ति के प्रतीक ही नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और अटूट विश्वास के भी आदर्श हैं।

इस अवसर पर बोलते हुए मछला कुंड के परमाध्यक्ष श्री गंगा दास उदासीन महाराज ने बताया कि हनुमान जी का स्मरण मात्र ही मन के भय, चिंता और दुख को दूर कर देता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और भक्ति भाव के साथ पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
“जहाँ श्रद्धा होती है, वहाँ कृपा स्वयं मार्ग बना लेती है; और जहाँ हनुमान जी का नाम होता है, वहाँ कोई भी संकट टिक नहीं पाता।”



