प्रेस क्लब चुनाव से पहले बड़ा भूचाल: गठबंधन टूटा, महामंत्री दीपक मिश्रा ने बनाया अलग गुट

🔥 कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हरिद्वार। प्रेस क्लब, हरिद्वार के आगामी वार्षिक चुनावों से ठीक पहले पत्रकारिता जगत में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है। वर्षों से चुनावी समीकरण तय करने वाला गठबंधन अब टूट चुका है, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई है।
प्रेस क्लब के वर्तमान महामंत्री दीपक मिश्रा ने उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन से अलग होने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने इस फैसले के पीछे यूनियन के कुछ सदस्यों की हठधर्मिता और निजी स्वार्थ को जिम्मेदार ठहराया है।
गौरतलब है कि लंबे समय से नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (इंडिया) और उत्तराखंड श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के गठबंधन के दम पर ही प्रेस क्लब के अध्यक्ष और महामंत्री चुने जाते रहे हैं। पिछले चुनाव में भी इसी गठबंधन के तहत धर्मेंद्र चौधरी अध्यक्ष और दीपक मिश्रा महामंत्री निर्वाचित हुए थे।
लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही यह मजबूत गठबंधन बिखर गया है। हालातों को देखते हुए दीपक मिश्रा ने अपने पांच सहयोगियों—डॉ. रमेश खन्ना, मनोज खन्ना, रोहित सिखौला, डॉ. प्रदीप जोशी और अरुण मिश्रा—के साथ अलग गुट बना लिया है।
महामंत्री दीपक मिश्रा ने स्पष्ट किया कि उनका यह कदम निजी हितों से ऊपर उठकर प्रेस क्लब के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनका नया गुट पत्रकारों के हितों और प्रेस क्लब की गरिमा को बनाए रखने के लिए पूरी मजबूती से कार्य करेगा।
अब देखना दिलचस्प होगा कि इस टूटे गठबंधन का असर आगामी चुनावों में किस तरह पड़ता है और प्रेस क्लब की सत्ता किसके हाथों में जाती है। 🗳️

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *