वृंदावन की पावन धरा पर जुटेगा हरियाणा का अग्रवाल वैश्य समाज
द्विवार्षिक चुनावों में प्रदेश अध्यक्ष व महासचिव पद का होगा चयन
चरखी दादरी 20 फ़रवरी॥ अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा की प्रदेश स्तरीय आमसभा की महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला के मार्गदर्शन में भगवान श्री कृष्ण की पावन भूमि वृंदावन “दिल्ली श्री धाम” रूक्मणी विहार में आयोजित की जा रही है। चरखी दादरी निवासी अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक का मुख्य एजेंडा संस्था के नौवें द्विवार्षिक चुनाव संपन्न कराना है । जिसमें प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश महासचिव पदों का निर्वाचन प्रदेश में नेतृत्व को नई ऊर्जा देने के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत कराया जाएगा । चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाने के लिए सफीदों निवासी अनुभवी वरिष्ठ अधिवक्ता एम पी जैन को नियुक्त किया गया है।
गुप्ता ने बताया कि हरियाणा में संस्था के पचास हजार से अधिक सक्रिय सदस्य हैं । इस आम सभा की बैठक में शामिल होने के लिए सभी प्रदेश स्तर जिला स्तर व विधानसभा क्षेत्र से पदाधिकारी और प्रतिनिधि वृंदावन बैठक में शिरकत करेंगे । जिससे यह आयोजन एक लघु हरियाणा का स्वरूप लेगा । बैठक में ऊर्जावान नेतृत्व प्रदान करने के साथ-साथ भावी रणनीतियों ,समाज के उत्थान के लिए राजनीति में भागीदारी बढ़ाने व आगामी जनहित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी । उन्होंने कहा कि यह केवल एक बैठक नहीं अपितु समाज की एकता और संकल्प का संगम है। श्री कृष्ण की क्रीड़ास्थली पावन धरा वृंदावन की ऊर्जा व बांके बिहारी जी का आशीर्वाद,हमारे निर्णय को और अधिक सार्थक बनायेगा । प्रदेश महासचिव बलराम गुप्ता ने बताया कि बैठक के साथ-साथ हरियाणा के कोने-कोने से आए हुए हजारों पदाधिकारीयों का आध्यात्मिक मिलन भी होगा, सामूहिक रूप से विश्व विख्यात बांके बिहारी मंदिर में दर्शन व पूजा अर्चना का कार्यक्रम भी रखा गया है। इसके अतिरिक्त निधिवन व वृंदावन के दर्शनीय स्थलों व अन्य मंदिरों के दर्शन कर समाज की उन्नति, सामाजिक एकता व समृद्धि के लिए प्रार्थना की जाएगी। आगामी ये चुनाव संगठन को नई ऊर्जा एवं दिशा प्रदान करेंगे ।
युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव रवि गर्ग बधवानिया ने बताया कि प्रदेश भर काफ़ी संख्या मे युवा पदाधिकारी व सदस्य बैठक में सहभागिता करने के लिए वृंदावन पहुंच रहे हैं।
वृंदावन की पावन धरा पर जुटेगा हरियाणा का अग्रवाल वैश्य समाज, द्विवार्षिक चुनावों में प्रदेश अध्यक्ष व महासचिव पद का होगा चयन
