कमल शर्मा
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक एवं महापौर किरण जैसल के नेतृत्व में उमड़ा कार्यकर्ताओं का जनसैलाब, सामाजिक समरसता का संकल्प दोहराया
हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के पावन अवसर पर देशव्यापी ‘समरसता संकल्प यात्रा’ के हरिद्वार आगमन पर विधायक हरिद्वार एवं कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक तथा महापौर श्रीमती किरण जैसल के नेतृत्व में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पार्षदगण एवं सैकड़ों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति से वातावरण उत्साह, श्रद्धा और सामाजिक एकता के भाव से सराबोर रहा।
यात्रा के स्वागत के दौरान संत रविदास महाराज जी के विचारों, सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। उपस्थित जनसमूह ने संत रविदास जी के आदर्शों को आत्मसात करते हुए भेदभाव रहित, समरस एवं एकजुट समाज के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्री मदन कौशिक ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की वाणी और उनके आदर्श समाज को समानता, सद्भाव एवं समरसता का मार्ग दिखाते हैं। उनके विचार केवल आध्यात्मिक प्रेरणा ही नहीं, बल्कि एक बेहतर सामाजिक व्यवस्था और आदर्श जीवन का आधार भी हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को संत रविदास जी की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाकर समाज में आपसी प्रेम, सम्मान, भाईचारे और एकता को मजबूत करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि संत महापुरुषों की शिक्षाएं समाज को जोड़ने और राष्ट्र की एकता को सुदृढ़ करने का कार्य करती हैं। ‘समरसता संकल्प यात्रा’ संत रविदास जी के विचारों को देश के प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने तथा सामाजिक समरसता के भाव को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान, प्रदेश महामंत्री श्रीमती दीप्ति रावत भारद्वाज, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा श्री बलबीर घुमियाल, कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री विकास तिवारी, गढ़वाल मंडल विकास निगम के निदेशक (राज्यमंत्री स्तर) श्री सुशील त्यागी, जिला महामंत्री श्री हीरा सिंह बिष्ट, हरिद्वार की महापौर श्रीमती किरण जैसल, समस्त पार्षदगण एवं सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हरिद्वार में समरसता संकल्प यात्रा का यह भव्य स्वागत संत रविदास महाराज जी के प्रति श्रद्धा एवं सामाजिक एकता का संदेश देने वाला आयोजन रहा। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में समानता, सद्भाव, आपसी सम्मान और समरसता को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया गया।














