हरिद्वार / सीतापुर:
एक तरफ प्रदेश में लगातार दूसरी बार भाजपा की सरकार है, नगर निगम में भी भाजपा का बोर्ड काबिज है और दूसरी तरफ स्थानीय स्तर पर वार्ड नंबर 59 से एक दशक (10 साल) से अधिक समय से लगातार जीत हासिल कर रहे भाजपा पार्षद विनीत चौहान का दबदबा है। यानी सत्ता की पूरी चेन यानी “ट्रिपल इंजन” सिस्टम पूरी तरह सक्रिय है।
लेकिन इसके बावजूद सीतापुर ज्वालापुर की योरावर एनक्लेव और गणेश विहार कॉलोनी (वॉर्ड 59) की बद्तर हालत इन तमाम विकास के दावों पर बड़ा सवालिया निशान लगा रही है।
हालत यह है कि ज़रा सी बारिश होते ही इस वॉर्ड की गलियां किसी तालाब या दरिया में तब्दील हो जाती हैं। आम जनता को मजबूरन गंदे और जलभराव वाले पानी के बीच से गुजरना पड़ रहा है। सबसे बड़ा संकट तो छोटे-छोटे मासूम बच्चों और बुजुर्गों के सामने है, जिनका घर से बाहर निकलना तक दूभर हो गया है।

जनता के मन में उठ रहे सुलगते सवाल:
- जब सरकार अपनी, पार्षद अपना, तो वार्ड 59 की जनता बेहाल क्यों?
जब नगर निगम से लेकर प्रदेश की सत्ता तक भाजपा का परचम लहरा रहा है, तो फिर वॉर्ड 59 से एक दशक से ज्यादा समय से लगातार जीत रहे स्थानीय पार्षद विनीत चौहान इस गंभीर जलभराव और बदहाल गलियों की समस्या का समाधान करवाने में अब तक क्यों नाकाम रहे हैं? क्या जनता का सिर्फ वोट के समय ही इस्तेमाल होता है? - कहाँ गए क्षेत्र के विधायक आदेश चौहान के विकास के वादे?
स्थानीय निवासियों का दर्द छलक उठा है। उनका साफ कहना है कि वे कई बार एकजुट होकर क्षेत्र के भाजपा विधायक आदेश चौहान से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं हुई। क्या जनता की समस्याएं जनप्रतिनिधियों के कानों तक पहुँचकर दम तोड़ देती हैं? - अब जाएं तो जाएं कहाँ?
लगातार उपेक्षा और निराशा का शिकार हो रहे कॉलोनीवासी अब हताश होकर पूछ रहे हैं— “जब ट्रिपल इंजन सरकार और हमारे अपने जनप्रतिनिधि हमारी सुध नहीं ले रहे, तो हम अपनी फरियाद लेकर आखिरकार किसके पास जाएं?”
क्या अब भी जागेगा प्रशासन?
योरावर एनक्लेव और गणेश विहार कॉलोनी के लोगों का सब्र अब जवाब दे चुका है। जनता अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई चाहती है। बड़ा सवाल यह है कि क्या चुनाव के समय किए जाने वाले विकास के वादे सिर्फ कागजी पन्नों तक ही सीमित हैं, या फिर वार्ड 59 की इन बद्हाल गलियों की तस्वीर बदलने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि आगे आएगा?
न्यूज़ हरिद्वार पोर्टल इस गंभीर मुद्दे पर स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के पक्ष की प्रतीक्षा कर रहा है। - रिपोर्ट – c10 न्यूज़(विजय)













