नेत्र कुंभ 2027 के शंखनाद की तैयारी तेज, भूमि चयन को लेकर प्रशासन से मंथन

नेत्र कुंभ 2027 की तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार

22 नवंबर को होगा शंखनाद कार्यक्रम, राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून का ऑडिटोरियम निःशुल्क उपलब्ध कराने पर प्राचार्य प्रो. गीता जैन का जताया आभार
हरिद्वार (कमल शर्मा)। धर्मनगरी हरिद्वार में वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले नेत्र कुंभ की तैयारियों ने गति पकड़नी शुरू कर दी है। नेत्र कुंभ 2027 के शंखनाद कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए आयोजन समिति लगातार प्रयास कर रही है। आगामी 22 नवंबर 2026 को प्रस्तावित शंखनाद कार्यक्रम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, देहरादून का ऑडिटोरियम निःशुल्क उपलब्ध कराए जाने पर नेत्र कुंभ के प्रबंध प्रमुख ललित पंत ने कॉलेज की प्राचार्य प्रोफेसर गीता जैन का आभार व्यक्त किया है।


नेत्र कुंभ के प्रबंध प्रमुख ललित पंत ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी लगातार संवाद किया जा रहा है। इसी क्रम में कुंभ मेला अधिकारी सोनिका (आईएएस) एवं अपर मेला अधिकारी से मुलाकात कर नेत्र कुंभ के आयोजन के लिए भूमि चयन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
उन्होंने बताया कि नेत्र कुंभ के लिए उपयुक्त भूमि का चयन करने तथा आयोजन से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से अपर मेला अधिकारी श्री दयानंद सरस्वती एवं एसडीएम मंजीत के साथ बैठक निर्धारित की गई है। बैठक में भूमि चयन के साथ-साथ आयोजन की अन्य व्यवस्थाओं पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
नेत्र कुंभ सेवा, समर्पण और मानवता का बनेगा प्रतीक : ललित पंत
नेत्र कुंभ के प्रबंध प्रमुख ललित पंत ने कहा कि नेत्र कुंभ केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक नेत्र चिकित्सा एवं दृष्टि संबंधी सेवाएं पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण सेवा अभियान है। वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले नेत्र कुंभ को सफल बनाने के लिए सभी संबंधित संस्थाओं, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सहयोगियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शंखनाद कार्यक्रम नेत्र कुंभ की तैयारियों को नई दिशा देने और समाज के विभिन्न वर्गों को इस सेवा अभियान से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। आयोजन को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने के लिए भूमि चयन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है।
ललित पंत ने राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून की प्राचार्य प्रोफेसर गीता जैन का ऑडिटोरियम निःशुल्क उपलब्ध कराने के लिए विशेष आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से सेवा कार्यों को मजबूती मिलती है।
इन बैठकों एवं वार्ताओं में नेत्र कुंभ के सह प्रबंध प्रमुख देवेंद्र जी का सान्निध्य भी रहा। आयोजन समिति को उम्मीद है कि प्रशासन एवं सहयोगी संस्थाओं के समन्वय से नेत्र कुंभ 2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *