हरिद्वार (कमल शर्मा)। फुलकारी पंजाबी एनजीओ ग्रुप, शिवालिक नगर की ओर से सामाजिक सरोकारों के तहत संचालित दूसरे एनजीओ प्रोजेक्ट के अंतर्गत रावली महदूद स्थित “देवस्य अभिलाषा” वरिष्ठ नागरिक गृह में सेवा एवं स्नेह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ग्रुप के सदस्यों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ समय बिताकर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें अपनेपन का एहसास कराया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई। भोजन में पूरी-छोले, कद्दू, रायता, सलाद और विशेष रूप से खीर परोसी गई। वरिष्ठ नागरिकों ने भोजन का आनंद लेते हुए फुलकारी पंजाबी एनजीओ ग्रुप के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सभी वरिष्ठ नागरिकों को स्वेटर भी भेंट किए गए, जिससे उनके चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी।
ग्रुप की ओर से बताया गया कि वरिष्ठ नागरिकों को कार्यक्रम में विशेष सम्मान देते हुए वीआईपी सदस्यों की तरह उनका स्वागत-सत्कार किया गया। वरिष्ठ नागरिकों ने संस्था के सदस्यों को हृदय से आशीर्वाद दिया।
स्वेटर वितरण के लिए श्रीमती मीनू शर्मा, नेहा चावला, जयश्री अरोड़ा, श्रीमती ममता कोहली एवं श्रीमती सुधा तलवार का विशेष सहयोग रहा। ग्रुप की एनजीओ सचिव मीनू शर्मा एवं मानसी मिश्रा ने सभी सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सेवा कार्य सभी सदस्यों के sincere सहयोग से सफल हो सका। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक सेवा प्रकल्पों में सहयोग की अपेक्षा जताई।
रामराज ग्रामोद्योग सेवा संस्थान की ओर से जारी धन्यवाद-पत्र में कोषाध्यक्ष सी.पी. शर्मा ने फुलकारी पंजाबी एनजीओ ग्रुप के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिक गृह में आकर वरिष्ठजनों के साथ समय बिताना, भोजन कराना और स्वेटर प्रदान करना सराहनीय सामाजिक पहल है। संस्था ने भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
इस अवसर पर फुलकारी पंजाबी एनजीओ ग्रुप की चेयरपर्सन मालवी विज सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम ने सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया।
वरिष्ठ नागरिकों के चेहरे पर खिले मुस्कान के फूल, फुलकारी पंजाबी एनजीओ ग्रुप ने बांटी खुशियां













