रुड़की। आज दिनांक 8 सितंबर 2026, मंगलवार को आर्य जिला प्रतिनिधि सभा हरिद्वार एवं स्वयंसेवी समाज,नंद विहार रुड़की के पदाधिकारियों ने आगामी 27 सितंबर 2026 को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला विशाल आर्य सम्मेलन के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान पदाधिकारियों ने व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद कश्यप को सम्मेलन में शामिल होने के लिए विधिवत निमंत्रण पत्र भेंट किया। वहीं वरिष्ठ समाजसेविका श्रीमती पूजा गुप्ता, धर्मपत्नी श्री सचिन गुप्ता, प्रदेश महामंत्री कांग्रेस को भी सम्मेलन का निमंत्रण पत्र देकर कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित किया गया।
इस अवसर पर समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मान देते हुए श्रीमती पूजा गुप्ता को वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर श्रीमती पूजा गुप्ता ने आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए समाज में संस्कार, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक एकता के लिए इस प्रकार के आयोजनों को महत्वपूर्ण बताया।
इसी क्रम में प्रेस क्लब रुड़की के अध्यक्ष बबलू सैनी को भी निमंत्रण और भगत सिंह की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया गया l बबलू सैनी ने कहा कि आर्य समाज के सिद्धांतों और शहीद भगत सिंह के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए यह सम्मेलन एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
कार्यक्रम में आर्य जिला प्रतिनिधि सभा हरिद्वार के प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी, सभा के पदाधिकारी श्री विधिराम आर्य, सुरेंद्र जी, आर्य समाज आनंद विहार के श्री पवन योगाचार्य, संदीप सैनी, रविंद्र सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि शहीद भगत सिंह केवल एक महान क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि देश की युवा शक्ति के प्रेरणास्रोत हैं। उनके जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित जिला विशाल आर्य सम्मेलन का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता, वैदिक संस्कार और युवा चेतना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सम्मेलन को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग से संपर्क किया जा रहा है और बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
आयोजन समिति द्वारा जिलेभर के सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े लोगों को सम्मेलन में आमंत्रित किया जा रहा है।













