डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं शिवडेल स्कूल जगजीतपुर के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का हुआ भव्य आयोजन


जगजीतपुर(कमल शर्मा)डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन एवं शिवडेल स्कूल जगजीतपुर के संयुक्त तत्वावधान में शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा, संस्कार एवं समाज निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करते हुए उनके समर्पण और सेवाभाव की सराहना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि शिक्षक समाज के वास्तविक मार्गदर्शक और राष्ट्र निर्माण के सच्चे शिल्पकार होते हैं। शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें संस्कारी, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम में अतिथि आदेश चौहान एवं विभाग प्रचारक राकेश कुमार ने भी शिक्षकों को संबोधित करते हुए उनके समर्पण, सेवाभाव और समाज निर्माण में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं।
शिवडेल स्कूल के प्रबंधक स्वामी शरद पुरी महाराज ने कहा कि शिक्षक सम्मान वास्तव में उस पूरी शिक्षा व्यवस्था का सम्मान है, जो समाज को संस्कारित, सशक्त और जागरूक बनाने का कार्य करती है। उन्होंने सभी शिक्षकों को उनके उत्कृष्ट योगदान और समर्पण के लिए शुभकामनाएं दीं।
डिस्ट्रिक्ट बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैयर ने कहा कि खेल और शिक्षा दोनों ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के मजबूत आधार हैं। शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से ही युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता पहचानने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
समारोह के दौरान उपस्थित शिक्षकों को सम्मानित किया गया। शिक्षा, संस्कार और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करते हुए समाज में सकारात्मक योगदान के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन मयंक शर्मा ने किया। समारोह में रवि बजाज, मेयर प्रतिनिधि सुभाषचंद, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मनोज जखमोला, विकास तिवारी, सुनील बत्रा, बलराम कपूर, अनिल पुरी, अभिनव चौहान, दीपांशु, गुलशन अदलखा, अंकुश रोहिला, मयंक गुप्ता, अर्थ नैयर, पार्थ मोदी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, गणमान्य व्यक्ति एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *