महिला मंडल के भजनों पर झूमे श्रद्धालु, रात्रि 12 बजे श्रीकृष्ण जन्म के बाद हुआ अभिषेक व प्रसाद वितरण
हरिद्वार। दुर्गा मंदिर समिति, बैंक कॉलोनी, सुमनपुरी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व क्षेत्रवासियों द्वारा बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा और महिला मंडल द्वारा आयोजित भजन-कीर्तन कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
दुर्गा मंदिर समिति के अध्यक्ष ठाकुर शेर सिंह थापली ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मंदिर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर महिला मंडल की सदस्यों ने भगवान श्रीकृष्ण के सुंदर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की मधुर धुनों पर महिलाओं ने जमकर नृत्य किया और पूरा मंदिर परिसर राधे-कृष्ण के जयकारों एवं भक्ति रस से सराबोर हो गया।

उन्होंने बताया कि रात्रि ठीक 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ मनाया गया। इसके उपरांत भगवान श्रीकृष्ण को स्नान कराकर नए वस्त्र धारण कराए गए तथा विधिवत आरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी क्षेत्रवासियों ने अपने मोहल्ले को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया। साथ ही भविष्य में मंदिर में आयोजित होने वाले सभी धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का भी निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती राज ठाकुर, उमा, रीना चौहान, सुषमा भट्ट, राधा, भुवनेश्वरी नेगी, लीला भंडारी, मीतू चावला, दीप्ति नागलिया, पिंकी नेगी, मीनाक्षी सूरी, समर्पित नागलिया, दीपक जायसवाल, सुनील गुप्ता, जसराज आनंद, भूपेंद्र आनंद, आशु मित्तल, रुपाली मित्तल, अंकुर डोभाल, देवेंद्र थपलियाल, पूर्णिमा थपलियाल, आचार्य राजेश भट्ट, केसर चौहान, मीनाक्षी नेगी, दीपिका, ऋचा खन्ना, सुधांशु ठाकुर एवं ठाकुर शेर सिंह सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।













