96वें जन्मोत्सव पर उत्तर प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री राम सिंह सैनी का हुआ भव्य सम्मान, जनसेवा और आर्य समाज के आदर्शों को बताया प्रेरणास्रोत


रुड़की (कमल शर्मा)। मकतुलपुरी स्थित उत्तर प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री एवं वरिष्ठ समाजसेवी श्री राम सिंह सैनी के आवास पर उनके 96वें जन्मदिवस के अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश महासचिव श्री राजकुमार सैनी, जिला आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रदेश प्रधान आर्य हरपाल सिंह सैनी, डॉ. महेंद्र सिंह सैनी ने माल्यार्पण कर उन्हें जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, दीर्घ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए आर्य हरपाल सिंह सैनी ने कहा कि श्री राम सिंह सैनी का जीवन संघर्ष, सेवा और कर्मठता की अद्भुत मिसाल है। उन्होंने किसान इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य से लेकर उत्तर प्रदेश के गृह मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पद तक का गौरवपूर्ण सफर तय किया, जो युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है। उन्होंने कहा कि श्री सैनी का संपूर्ण जीवन समाज सेवा, शिक्षा, राष्ट्रहित और आर्य समाज के सिद्धांतों के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित रहा है।
प्रदेश महासचिव श्री राजकुमार सैनी ने कहा कि श्री राम सिंह सैनी न केवल एक कुशल प्रशासक और जननेता रहे हैं, बल्कि वे महर्षि स्वामी दयानंद सरस्वती के विचारों के प्रबल अनुयायी भी हैं। उन्होंने जीवनभर वैदिक संस्कृति, सामाजिक सुधार और राष्ट्र निर्माण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों ने श्री राम सिंह सैनी को 96वें जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर समाज सेवा की कामना की।
समारोह में आर्य हरपाल सिंह सैनी, श्री राजकुमार सैनी, डॉ. महेंद्र सिंह सैनी (सुपुत्र श्री राम सिंह सैनी) आदेश सैनी (वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डी ए वी) सहित अनेक शुभचिंतक एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *