05 जून, 2026
‘एक वृक्ष-सौ जीवन, हरित भविष्य-हमारा संकल्प
हरिद्वार(कमल शर्मा)अन्तर्राष्ट्रीय पर्यावरण दिवस के अवसर पर भेल के सम्पदा विभाग एवं संस्कार भारती की हरिद्वार महानगर इकाई के संयुक्त तत्वाधान में रानीपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में भेल उपनगरी के सैक्टर-चार स्थित बाल भारती स्कूल के परिसर में भी बड़ी संख्या में फलदार व छायादार वृक्षों के पौधे रोप गये। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा समाज को प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराना था।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारे आदेश चौहान, नगर प्रशासक संजय पंवार व समाजसेवी डा. विशाल गर्ग सहित अनेक वक्ताओं ने कहा कि- “भारतीय संस्कृति में प्रकृति को माता के समान सम्मान दिया गया है। वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन के आधार नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, स्वास्थ्य एवं आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के भी संरक्षक हैं। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन एवं प्राकृतिक संसाधनों के क्षरण को देखते हुए पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्व और राष्ट्रीय आवश्यकता बन चुका है।”
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में डॉ. एस. पी. सिंह, डॉ. गौरव गुप्ता, बृजेश शर्मा, संस्कार भारती महानगर इकाई के संरक्षक व चेतना पथ संपादक अरुण कुमार पाठक ने सहभागिता कर पौधारोपण किया तथा उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। पौधारोपण के इस अभियान में संस्कार भारती परिवार डॉ. अजय पाठक, सुभाष हँस, प्रांतीय मंत्री राकेश मालवीय, प्रांतीय मातृ शक्ति संयोजिका ज्योति भट्ट, इकाई अध्यक्ष देवेंद्र मिश्र, इकाई मंत्री संतोष साहू, कोषाध्यक्ष कमल सैनी, सुनील सैनी, संतोष मिश्रा, अमित कुमार मीत, रविंद्र सोनी, पवन वर्मा, कैलाश धाकड़, नाथीराम, हीरा सिंह पटवाल, सोनेशर सोना, शिवशंकर पांडे, सचिन, तरुण मंडल, राधेश्याम पाल, जे.पी धीमान, अनिल भारती,भवानी प्रासाद, राजकुमार, राकेश सिंह, भुवन भट्ट, हरिकेश विश्वकर्मा, हरीश साहू, सुनील गुप्ता और मातृ शक्तियों में रेखा सिंघल, पुष्प लता हंस, नीता नय्यर, बीना गुप्ता, मीनाक्षी चावला, आशा साहनी, प्रीति, वृंदा वाणी, निशा कश्यप, रीना शर्मा, सुषमा साहू, हंसवी टोंक, सुनीता टोंक आदि मातृ शक्तियों के साथ साथ कई कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्रों, कला साधकों, प्रकृति प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान वातावरण प्रकृति प्रेम, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सांस्कृतिक चेतना से ओत-प्रोत रहा। उपस्थित जनसमूह ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि केवल वृक्ष लगाना ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण एवं संवर्धन भी सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ वातावरण प्राप्त हो सके।
अंत में संस्कार भारती के इकाई मंत्री संतोष साहू ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “संस्कार, संस्कृति और प्रकृति संरक्षण” की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ऐसे जनजागरण अभियानों का आयोजन भविष्य में भी निरंतर किया जाता रहेगा।”




