हरित हरिद्वार अभियान के अंतर्गत पी.बी.म्यू. इंटर कॉलेज में पौधारोपण, जिला/शहर व्यापार मंडल ने दिया सहयोग

हरिद्वार,(कमल शर्मा)04 जून 2026।
कुंभ मेला-2027 को हरित, स्वच्छ एवं पर्यावरण-अनुकूल स्वरूप प्रदान करने के उद्देश्य से कुंभ मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका सिंह एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के मार्गदर्शन में संचालित “हरित हरिद्वार अभियान” के अंतर्गत आज पी.बी.एम.यू. (पन्नालाल भल्ला) इंटर कॉलेज, हरिद्वार में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए), मेला प्रशासन तथा जिला/शहर व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता द्वारा विद्यालयों में भी व्यापक पौधारोपण अभियान चलाने का सुझाव दिया गया था, जिसके क्रम में विद्यालयों में पौधारोपण कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ की गई है। इसी क्रम में आज पी.बी.एम.यू. इंटर कॉलेज में छायादार एवं पुष्पीय पौधों का रोपण किया गया तथा व्यापार मंडल की ओर से पौधे एवं खाद भी भेंट की गई।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य त्रिलोक चन्द्र, वरिष्ठ लिपिक दीपक उप्रेती, कमल सिंह, जिला उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता तथा तहसील अध्यक्ष राहुल शर्मा उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य त्रिलोक चन्द्र ने पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की महत्ता पर प्रकाश डाला, जबकि राहुल शर्मा एवं संदीप गुप्ता ने अधिकाधिक पौधारोपण एवं संरक्षण का आह्वान किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला अध्यक्ष संजीव नैय्यर, जिला महामंत्री प्रदीप कालरा, शहर अध्यक्ष राजीव पराशर, शहर महामंत्री अमन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष नागेश वर्मा, प्रदेश मंत्री कमल बृजवासी, बिट्टू पालीवाल, विजय शर्मा, प्रदेश सचिव राजेश पुरी, युवा अध्यक्ष संदीप शर्मा सहित अनेक पदाधिकारियों का विशेष सहयोग रहा।

अंत में प्रधानाचार्य त्रिलोक चन्द्र, तहसील अध्यक्ष राहुल शर्मा एवं जिला उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता ने कुंभ मेला अधिकारी श्रीमती सोनिका सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण, मेला प्रशासन एवं सभी सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता से हरित हरिद्वार अभियान को और अधिक गति मिलेगी तथा कुंभ मेला-2027 के लिए एक स्वच्छ, सुंदर एवं हरित हरिद्वार के निर्माण में यह महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *