हरिद्वार,कनखल(कमल शर्मा)
दक्ष रोड स्थित श्री यंत्र मंदिर के तत्वावधान में जोशी परिवार आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञानयज्ञ का रविवार को विधिवत हवन-पूजन, पूर्णाहुति एवं विशाल भंडारे के साथ भव्य समापन हो गया। कथा के अंतिम दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्ति, श्रद्धा एवं वैदिक मंत्रोच्चार से भक्तिमय बना रहा।
कथा व्यास आचार्य पं. श्री नीरज जोशी ने कहा कि भगवान के नाम का स्मरण सभी दुखों का नाश करने वाला है और कथा श्रवण से मनुष्य के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

प्रातःकाल आयोजित हवन यज्ञ में श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति देकर परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात विशाल अमृत प्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर आयोजक प्रकाश चन्द्र जोशी ने कहा कि “मां गंगा की पावन धरा पर आयोजित यह श्रीमद्भागवत ज्ञानयज्ञ हम सभी के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और संस्कारों का अद्भुत संगम रहा।

कथा के माध्यम से समाज में धर्म, संस्कार और सद्भावना का संदेश पहुंचा है। श्रद्धालुओं का अपार स्नेह और सहयोग ही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।”
उन्होंने सभी संत-महात्माओं, श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार का कार्य निरंतर जारी रहेगा।
कार्यक्रम में हेमचन्द्र जोशी, रमेश चन्द्र जोशी सहित समस्त जोशी परिवार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।




