“हरिद्वार/कमल शर्मा/आगामी हरिद्वार अर्धकुंभ मेला 2026-27 को लेकर धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं ने अपनी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। इसी क्रम में श्री मातृशक्ति आचार्यपीठ सेवा ट्रस्ट की अध्यक्ष जाग्रत चेतना माता जी ने जिला प्रशासन एवं मेला अधिकारियों को पत्र प्रेषित कर कुंभ मेले में भूमि आवंटन, सुरक्षा एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
जाग्रत चेतना माता जी ने कहा कि अर्धकुंभ मेले में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच सनातन हिन्दू वैदिक धर्म के प्रचार-प्रसार, पूजा-अर्चना, श्रीमद्भागवत कथा, सत्संग एवं आध्यात्मिक आयोजनों के लिए ट्रस्ट द्वारा विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए कुंभ क्षेत्र में उपयुक्त भूमि आवंटन अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि मातृशक्ति आचार्यपीठ से जुड़ी महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा, आवास, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो सकें।
ट्रस्ट की ओर से आवेदन पत्र के साथ आधार कार्ड एवं ट्रस्ट रजिस्ट्रेशन संबंधी दस्तावेज भी प्रशासन को उपलब्ध कराए गए हैं। जाग्रत चेतना माता जी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन धार्मिक संस्थाओं को सहयोग प्रदान कर अर्धकुंभ मेले को भव्य एवं दिव्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
“अर्धकुंभ 2026-27 में सनातन धर्म की अलख जगाएगा श्री मातृशक्ति आचार्य पीठ सेवा ट्रस्ट, भूमि आवंटन व सुरक्षा व्यवस्था हेतु प्रशासन से की मांग”



