पूर्व केंद्रीय शस्त्र पुलिसबल कार्मिकों ने बुलंद की आवाज, दिल्ली धरना प्रदर्शन की रणनीति पर मंथन


हरिद्वार। सीआईएसएफ कैम्प परिसर, शिवालिक नगर भेल हरिद्वार में दिनांक 03 मई 2026 को पूर्व केंद्रीय शस्त्र पुलिसबल कार्मिक वेलफेयर एसोसिएशन की मासिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट रूप चंद आजाद ने की, जबकि संचालन संगठन सचिव राजीव शर्मा ने किया।
संगोष्ठी में पूर्व केंद्रीय शस्त्र पुलिसबल कार्मिकों की विभिन्न समस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अध्यक्ष एडवोकेट रूप चंद आजाद ने बताया कि संगठन के दो कार्मिकों की समस्याओं का सफलतापूर्वक निराकरण कराया गया है, जिससे सदस्यों में उत्साह का माहौल है।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि रुड़की स्थित केंद्रीय कर्मचारियों की एक संस्था ने संगठन के साथ मिलकर कार्य करने की इच्छा जताई है, जिससे संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही आगामी 06 मई 2026 को दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय संगठन के सामूहिक धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर रणनीति बनाई गई। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व कार्मिकों के अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करना समय की मांग है।
संगोष्ठी में एडवोकेट रूप चंद आजाद, राजीव शर्मा, सुभाष कपूर, धर्मपाल, केपी सिंह, मामचंद, मेनपाल सिंह, दयानंद, सुरेश चंद, मुकेश कुमार, नरेश चंद, तारा प्रसाद, भंडारी जी, नीलम देवी, मदन लाल एवं एस.डी. शर्मा सहित अनेक सदस्यों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का समापन संगठन की मजबूती, पूर्व कार्मिकों के सम्मान और उनके हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *