
उज्जैन। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर उज्जैन स्थित मौनी तीर्थ आश्रम में एक विशेष धार्मिक आयोजन के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, कंटेंट क्रिएटर और मॉडल हर्षा रिछारिया ने संन्यास ग्रहण कर लिया। यह संन्यास दीक्षा पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरि महाराज के सानिध्य में विधि-विधान के साथ संपन्न हुई।

पारंपरिक विधियों के साथ संपन्न हुआ संन्यास
संन्यास परंपरा के अनुसार हर्षा रिछारिया को शिखा और दंड त्याग की विधि कराई गई। इसके साथ ही तर्पण, पिंडदान और श्राद्ध कर्म जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान भी पूरे किए गए। सभी विधियों के पश्चात उन्होंने विधिवत संन्यास ग्रहण कर सांसारिक जीवन का त्याग किया।
मिला नया नाम – ‘स्वामी हर्षानंद गिरि’
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद हर्षा रिछारिया को नया आध्यात्मिक नाम ‘स्वामी हर्षानंद गिरि’ प्रदान किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का एक नया अध्याय है और उन्होंने अपने गुरुदेव के मार्गदर्शन में आध्यात्मिक पथ को अपनाने का निर्णय लिया है।
धर्म और समाज सेवा के लिए समर्पण
स्वामी हर्षानंद गिरि ने संकल्प लिया कि उनका संपूर्ण जीवन धर्म, संस्कृति और समाज सेवा के लिए समर्पित रहेगा। उन्होंने कहा कि वे आगे आध्यात्मिक मार्ग पर चलते हुए समाज के कल्याण के कार्यों में सक्रिय रहेंगी।
पारिवारिक पृष्ठभूमि
हर्षा रिछारिया का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के झांसी का निवासी है, जबकि वर्तमान में उनका परिवार भोपाल में रहता है। उनके पिता दिनेश बस कंडक्टर हैं, मां किरण रिछारिया बुटीक संचालित करती हैं और उनके भाई कपिल निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं।



