👉 हरिद्वार, 15 अप्रैल।
आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला जब मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की ओर से बुधवार को गंगोत्री धाम के लिए भोग प्रसाद सामग्री विधिवत पूजन के साथ रवाना की गई।
निरंजनी अखाड़ा स्थित चरण पादुका मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में निरंजनी अखाड़ा के सचिव श्रीमहंत रामरतन गिरी और मनसा देवी मंदिर के ट्रस्टी अनिल शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन-अर्चन कर हरी झंडी दिखाकर सामग्री को गंगोत्री धाम के लिए प्रेषित किया।
इस अवसर पर श्रीमहंत रामरतन गिरी ने बताया कि मनसा देवी ट्रस्ट द्वारा हर वर्ष गंगोत्री धाम के लिए भोग प्रसाद सामग्री भेजी जाती है, जो अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर कपाट खुलने के बाद उपयोग में लाई जाती है।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद एवं मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्रपुरी ने अपने संदेश में कहा कि मां गंगा को समर्पित यह भोग सामग्री हरिद्वार और गंगोत्री के बीच गहरे आध्यात्मिक संबंध का प्रतीक है, जो सनातन परंपराओं को जीवंत बनाए रखता है।
कार्यक्रम में एसएमजेएन कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा, गंगोत्री धाम के रावल शिव प्रकाश महाराज, स्वामी राज गिरी, डॉ. विशाल गर्ग, ट्रस्टी सीमा गिरी, दीपक गिरी, नमन शर्मा, द्वारका प्रसाद मिश्रा, महेश दुबे, राजेश तिवारी, अमन दुबे और टीना टुटेजा सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
सभी ने मां मनसा देवी और मां गंगा से राष्ट्र की सुख-समृद्धि तथा चारधाम यात्रा के सफल और निर्विघ्न संपन्न होने की कामना की।
मनसा देवी ट्रस्ट का आस्था संदेश: गंगोत्री धाम के लिए भोग प्रसाद रवाना, अक्षय तृतीया पर होगा उपयोग



