“हरिद्वार से पत्रकार सुरक्षा कानून की हुंकार, अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति का एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाना है: अनुपम खत्री

हरिद्वार, (कमल शर्मा)
देवभूमि उत्तराखंड की पावन नगरी हरिद्वार, जिसे गंगा अवतरण की परंपराओं में भगीरथ की तपस्या और प्रयासों से जुड़ा माना जाता है, वहीं से अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति द्वारा पत्रकार सुरक्षा कानून उत्तराखंड में लागू करने हेतु सहयोग प्रस्ताव अभियान की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र चौधरी को अध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने पर पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई दी गई। बैठक के दौरान पत्रकारिता के वर्तमान परिदृश्य, कार्य के दौरान आ रही चुनौतियों, सुरक्षा से जुड़ी विषमताओं तथा पत्रकारों की आवश्यकताओं पर गंभीर एवं सारगर्भित चर्चा हुई।
इस दौरान संगठन की ओर से पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर सहयोग एवं समर्थन का औपचारिक प्रस्ताव पत्र प्रेस क्लब अध्यक्ष को सौंपा गया। यह पहल प्रदेशभर के पत्रकार संगठनों के साथ संवाद स्थापित कर व्यापक सहमति बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
चर्चा में प्रेस क्लब हरिद्वार के महासचिव श्री सूर्यकांत बेलवाल, वरिष्ठ पत्रकार श्री हर्ष सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे। अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति की ओर से प्रदेश महासचिव (संगठन) राजकमल एवं प्रदेश सदस्य शबनम खान भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष अनुपम खत्री 15 मार्च 2026 को प्रथम प्रदेश कार्यकारिणी घोषित करने के उपरांत हरिद्वार से इस सहयोग प्रस्ताव अभियान की शुरुआत कर अब कुमाऊं क्षेत्र के दौरे पर हैं। आगामी चरण में कुमाऊं मंडल के प्रमुख शहरों सहित प्रदेशभर के विभिन्न प्रेस क्लबों एवं पत्रकार संगठनों से मुलाकात कर संगठन के उद्देश्य, संकल्प एवं प्रस्तावित पत्रकार सुरक्षा कानून के विषय में सभी को अवगत कराया जाएगा तथा सहयोग के लिए आवाहन किया जाएगा।
प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी व क्लब के अन्य सम्मानित जनों ने एबीपीएसएस के उद्देश्य और लक्ष्य से अवगत होने के उपरांत सहमति देते हुए यह स्वीकार किया कि प्रदेश में पत्रकारों के लिए एक सुरक्षा कानून की आवश्यकता है। प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र चौधरी ने सकारात्मक रूप से सहयोग प्रस्ताव स्वीकार करते हुए भविष्य में हरिद्वार प्रेस क्लब के पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रदेश अध्यक्ष अनुपम खत्री ने कहा कि “अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति का एकमात्र लक्ष्य उत्तराखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करवाना है, जो पूरे पत्रकार समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य के साथ इस मुहिम में सभी की सहभागिता का आवाहन संगठन खुले और स्वस्थ मन से करता है, ताकि एक मजबूत और सामूहिक पहल के माध्यम से पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *