हरिद्वार/कमल शर्मा/जनपद हरिद्वार में जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र किरण के नेतृत्व में जिला पंचायत सभागार में एक महत्वपूर्ण बोर्ड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में भगवानपुर विधायक ममता राकेश, ज्वालापुर विधायक प्रतिनिधि सुशील त्यागी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान एवं जिला पंचायत अधिकारी संजय खंडूरी सहित सभी जिला पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई। खास तौर पर गांवों में तालाबों की समस्या को प्राथमिकता देते हुए उन्हें कब्जा मुक्त कराने और जल संरक्षण के लिए बेहतर योजनाएं बनाने का प्रस्ताव रखा गया

जिला पंचायत अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र किरण ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में तालाबों की स्थिति चिंताजनक है, इसलिए इस विषय को विशेष रूप से बैठक में शामिल किया गया है, ताकि जल संसाधनों का संरक्षण हो सके और गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान लगभग 99 करोड़ रुपये के विकास प्रस्ताव पारित किए गए, जो जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों के लिए बड़ी सौगात माने जा रहे हैं। इन योजनाओं के माध्यम से गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया जाएगा।

इस बैठक की खास बात यह रही कि महिला जिला पंचायत सदस्यों की भी सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। सभी सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक विकास कार्य कराए जा सकें।

इस अवसर पर जिला पंचायत कार्यालय का समस्त स्टाफ भी मौजूद रहा। बैठक को ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



