तीर्थ की महिमा से गूंजा कारागार: भागवत कथा के तृतीय दिवस में आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम 🔱

🔱 कमल शर्मा (हरिहर समाचार)

21 मार्च 2026 | तृतीय दिवस
………………..
हिंदू नव वर्ष एवं चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री अखंड परशुराम अखाड़ा द्वारा जिला कारागार रोशनाबाद, हरिद्वार में सर्वजन कल्याण हेतु आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के तृतीय दिवस का आयोजन गहन आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कथा के दौरान भागवताचार्य पंडित पवन कृष्ण शास्त्री जी ने तीर्थों की महिमा का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि मनुष्य मन, वाणी और कर्म से किए गए पापों का प्रायश्चित तीर्थों में जाकर कर सकता है। किंतु यदि कोई व्यक्ति तीर्थस्थलों पर भी पाप कर्म करता है, तो उसका पाप वज्र के समान कठोर हो जाता है, जिसका दुष्परिणाम उसे अनेक जन्मों तक भोगना पड़ता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को तीर्थों की मर्यादा का पालन करते हुए वहां भगवान का चिंतन, गुणगान और सद्कर्म करना चाहिए।


उन्होंने बताया कि शास्त्रों के अनुसार तीर्थ यात्रा के दौरान भूमि पर शयन, स्नान, यज्ञ, ब्राह्मण भोजन एवं गौदान, अन्नदान, वस्त्रदान जैसे पुण्य कार्य करने से मनुष्य के जन्म-जन्मांतर के पाप नष्ट हो जाते हैं और अंततः उसे मोक्ष की प्राप्ति होती है।
तृतीय दिवस की कथा में ब्रह्मा जी द्वारा सृष्टि की रचना, मनु-शतरूपा की उत्पत्ति, मनु महाराज की पुत्री देवहूति का कर्दम मुनि से विवाह, कपिल-देवहूति संवाद तथा शिवशक्ति चरित्र का अत्यंत भावपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक वर्णन किया गया।
इस अवसर पर श्री अखंड परशुराम अखाड़ा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित अधीर कौशिक जी ने कहा कि तीर्थ स्थलों पर देवी-देवताओं का वास होता है, इसलिए वहां जाकर श्रद्धा भाव से उनका स्मरण, संत सेवा एवं दान-पुण्य करना ही तीर्थ यात्रा का वास्तविक फल प्रदान करता है।


जेल अधीक्षक मनोज आर्य जी ने कहा कि जिला कारागार भी एक प्रकार का तीर्थ स्थल है, जहां भजन-पूजन और कीर्तन के माध्यम से बंदियों को सन्मार्ग पर लाने का प्रयास किया जाता है। इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है।
कथा के दौरान इंद्रपाल शर्मा, संजय शर्मा, पंकज शर्मा, दीपक भारद्वाज, वीके त्रिपाठी, अंकित शर्मा, कपिल शर्मा, अरुण कांत शर्मा, अजय शर्मा, सतीश त्यागी, सुंदर सिंह रावत, नवनीत मोहन, मुकेश कुमार शर्मा, सतीश तिवारी, पंडित सचिन पैन्यूली, पंडित आदित्य जागुड़ी, बलविंदर चौधरी, कुलदीप शर्मा, मनोज ठाकुर, जलज कौशिक, बृजमोहन शर्मा, संजू अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालुओं ने भागवत पूजन में सहभागिता की।
पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा का वातावरण बना रहा, जिससे कारागार परिसर एक पवित्र तीर्थस्थल के रूप में परिवर्तित हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *