हनुमान जयंती पर माँ अंजनी देवी मंदिर बनेगा आस्था का महासंगम,धाम में गूंजेंगे जयकारे 🔥


हरिद्वार। कमल /आगामी हनुमान जयंती के पावन अवसर पर माँ अंजनी देवी मंदिर में इस वर्ष भी गत वर्षों की भांति भव्य और दिव्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पहाड़ी पर स्थित यह मंदिर अपनी अद्भुत प्राकृतिक छटा और गहरी आध्यात्मिक महत्ता के कारण श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह पावन धाम माता अंजनी को समर्पित है, जिन्हें भगवान हनुमान की जननी के रूप में पूजा जाता है।
माँ अंजनी देवी मंदिर, चंडी देवी मंदिर के समीप घने जंगलों और शिवालिक पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित है, जो हरिद्वार शहर से लगभग छह किलोमीटर की दूरी पर है। यह क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, शांति और रहस्यमयी वातावरण से परिपूर्ण है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि यहाँ सच्चे मन से की गई पूजा से सभी पापों का नाश होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में स्थित गौरीशंकर मंदिर और नीलेश्वर महादेव मंदिर भी आस्था के प्रमुख केंद्र हैं, जहां भक्तजन बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में जानकारी देते हुए संत सतीश गिरी महाराज ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी पर्व को भव्यता और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम में विशेष एवं अति विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रहेगी, वहीं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु इस पावन अवसर पर शामिल होकर भगवान हनुमान के जन्मोत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाएंगे।
मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, हवन एवं विशाल प्रसाद वितरण जैसे धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। हनुमान भक्तों के लिए यह अवसर न केवल आस्था का पर्व होगा, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा और सकारात्मकता से भरने का भी विशेष अवसर बनेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *