कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
वृंदावन। ठाकुर जी की पावन नगरी वृंदावन स्थित हरमिलाप भवन में 14 और 15 मार्च को राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ की 58वीं कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट संदीप सचदेवा (अंबाला) तथा राष्ट्रीय संयोजक पंजाबी समाज उत्तर प्रदेश प्रवीण सेठी (हापुड़) ने की।
बैठक में देश के विभिन्न शहरों—अलवर, हैदराबाद, रायपुर, भोपाल, जयपुर, ग्वालियर, मेरठ, हापुड़, नोएडा, नागपुर, जमशेदपुर और अशोक नगर सहित कई स्थानों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप सचदेवा और राष्ट्रीय संयोजक प्रवीण सेठी ने कहा कि देश के लगभग सभी राज्यों और जिलों में पंजाबी समाज बड़ी संख्या में निवास करता है, लेकिन अभी तक कोई एक ऐसा मंच नहीं बन पाया है जो पूरे समाज को एक सूत्र में जोड़ सके। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ के बैनर तले वर्तमान में 158 से अधिक छोटी-बड़ी संस्थाएं जुड़ी हुई हैं, जो मिलकर पंजाबी समाज को संगठित और जागरूक करने का कार्य कर रही हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 30 मई को खत्री वंश के आदि प्रवर्तक श्री अरुण जी महाराज की जयंती को “पंजाबी दिवस” के रूप में पूरे देश में मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी पंजाबी समाज के लोग हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
राष्ट्रीय संयोजक प्रवीण सेठी ने कहा कि जब-जब पंजाबी समाज एकजुट हुआ है, तब-तब समाज में नई क्रांति आई है। वृंदावन की इस पावन धरती से समाज को एक सूत्र में पिरोने के नए अभियान का शुभारंभ हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले चुनावों में जो भी राजनीतिक दल पंजाबी समाज को उचित भागीदारी देगा, समाज उसका समर्थन करेगा।
उन्होंने 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका दिवस के रूप में मनाने की भी अपील की और कहा कि उस दिन पूरे देश में मोमबत्ती जलाकर पाकिस्तान से आए 10 लाख से अधिक शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
बैठक में अंबाला की वर्तमान मेयर श्रीमती शैलजा संदीप सचदेवा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। इस अवसर पर उन्हें राष्ट्रीय पंजाबी महासंघ महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में जबलपुर से इंदर मोहन भाटिया, सुरेश मेहरा (हैदराबाद), दीवान चंद सेतिया (अलवर), नितिन भाटिया, अरुण मेंहदीरत्ता (अंबाला), वीरेंद्र मेहरा (रांची), सिकंदर वधावन, राधेश्याम आहूजा (जयपुर), डॉ. महेश पीपली, सुरेंद्र सोनी, कन्हैया आनंद, प्रवीण गुलाटी (ग्वालियर), नीता अरोरा, सतीश नागपाल (भोपाल), जी.आर. गांधी, रितिका मेंहदीरत्ता, सुनीता पीपली, वीरेंद्र मेहता (नोएडा), मनोज बवेजा सहित देशभर से बड़ी संख्या में पंजाबी समाज के महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय संयोजक प्रवीण सेठी (हापुड़) ने उत्तर प्रदेश की ओर से सभी पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
