मुख्य अग्निशमन अधिकारी का रुड़की व भगवानपुर फायर स्टेशनों का अर्धवार्षिक निरीक्षण, अनुशासन और फिटनेस पर दिया विशेष जोर

हरिद्वार,(कमल शर्मा)10 मार्च। मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार द्वारा मंगलवार को फायर स्टेशन रुड़की एवं फायर स्टेशन भगवानपुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्टेशनों की व्यवस्थाओं, उपकरणों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान सबसे पहले अग्निशमन अधिकारी रुड़की श्री वंश नारायण यादव तथा प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भगवानपुर श्री केशवदत्त तिवारी ने मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सलामी दी। इसके पश्चात फायर स्टेशन प्रांगण में फॉलिन परेड का निरीक्षण कर कर्मचारियों के टर्न आउट की जांच की गई। सभी कर्मचारी निर्धारित एवं साफ-सुथरी वर्दी में पाए गए। इस दौरान कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली गई, लेकिन किसी कर्मचारी ने कोई समस्या नहीं बताई।
परेड निरीक्षण के बाद फायर स्टेशन में उपलब्ध टर्नआउट वाहनों का निरीक्षण किया गया तथा चालकों द्वारा सभी वाहनों को स्टार्ट कर उनकी कार्यशीलता प्रदर्शित की गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी वाहन हमेशा उच्च कोटि की कार्यशील स्थिति में रखें तथा समय-समय पर मोबिल ऑयल सहित अन्य आवश्यक जांच करते रहें।
निरीक्षण के दौरान वॉचरूम ड्यूटी भी चेक की गई, जहां फायरमैन बावर्दी पूरी तरह सतर्क एवं दुरुस्त पाया गया। संचार व्यवस्था भी सुचारू रूप से कार्यशील पाई गई। उन्होंने कहा कि वॉचरूम संचार का मुख्य केंद्र होता है, इसलिए यहां तैनात कर्मियों को हमेशा अपडेट और सतर्क रहना चाहिए तथा सभी कर्मचारियों को एमडीटी की जानकारी होना भी आवश्यक है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने फायर स्टेशन की बैरकों और भोजनालय का भी निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई एवं रखरखाव उत्तम पाया गया। उन्होंने निर्देश दिए कि अग्निकांड टर्नआउट के समय निर्धारित वर्दी एवं पीपीई किट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने अग्निशमन अधिकारी रुड़की एवं प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भगवानपुर को निर्देशित किया कि कर्मचारियों की फिटनेस बनाए रखने के लिए नियमित पीटी एवं व्यायाम कराएं तथा अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय और उच्च अधिकारियों द्वारा दिए गए आदेशों का समय से पालन सुनिश्चित करें।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि स्वस्थ जीवन ही स्वस्थ राष्ट्र की नींव है, इसलिए सभी कर्मचारी फिट रहें और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहें। साथ ही अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर पुरस्कृत करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन अधिकारी रुड़की श्री वंश नारायण यादव, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भगवानपुर श्री केशवदत्त तिवारी सहित समस्त अंडर ऑफिसर एवं स्टाफ मौजूद रहे।
(मीडिया सेल, कार्यालय मुख्य अग्निशमन अधिकारी, जनपद हरिद्वार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *