हरिद्वार 1 मार्च।
हरिद्वार स्थित देव संस्कृति विश्वविद्यालय में आयोजित तीन दिवसीय उत्सव-26 का दूसरा दिन उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना से सराबोर रहा। रविवार को खेल प्रतियोगिताओं में छात्राओं का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला, जिससे परिसर में उत्सव का माहौल और भी प्रफुल्लित हो उठा।
विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि उत्सव-26 केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर भी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हों और प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का समान अवसर मिले।
खो-खो प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में ज्योतिका की टीम ने उत्कृष्ट तालमेल और रणनीति का परिचय देते हुए खुबी विश्वकर्मा की टीम को हराकर जीत दर्ज की। मुकाबला अत्यंत रोमांचक रहा और दर्शकों ने खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। वहीं कबड्डी के बालक वर्ग में यश कुमार की टीम ने दमदार प्रदर्शन करते हुए यज्ञदेव की टीम को हराया।
खेल अधिकारी ने बताया कि दौड़, रस्साकसी सहित कई अन्य प्रतियोगिताओं का अंतिम मुकाबला होना शेष है। सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के विभागाध्यक्ष डॉ. शिवनारायण प्रसाद ने बताया कि प्रज्ञागीत अंत्याक्षरी, भारतीय शास्त्रीय संगीत (गायन एवं वादन), प्रज्ञा युगसंगीत (एकल व समूह), नृत्य (एकल व सामूहिक), नुक्कड़ नाटक, रंगोली और कविता पाठ जैसी अनेक प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इन सभी प्रतियोगिताओं का फाईनल सोमवार को होगा। उत्सव-26 के अंतर्गत खेल, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों की विविध शृंखला भी जारी रहेगी।
देसंविवि में उत्सव-26 का दूसरा दिन छात्राओं के नाम रहा
