कमल शर्मा (हरिहर समाचार)
हापुड़। हरमिलाप चौक स्थित न्यू शिवपुरी में श्री हरमिलाप वैष्णो देवी मंदिर में 53वां वार्षिक धार्मिक यज्ञोत्सव बड़े श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन सत् श्री हरमिलाप साहिब ट्रस्ट सोसाइटी, हरिद्वार के तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम पूज्य श्री श्री 1008 श्री मुनि हरमिलापी जी महाराज के पावन आशीर्वाद तथा उनके स्वरूप श्री हरमिलाप मिशन के परमाध्यक्ष पूज्य श्री श्री 108 श्री मदन मोहन हरमिलापी जी महाराज की अध्यक्षता और आशीर्वाद में संपन्न होगा। साथ ही श्री श्री 108 श्री गीता बहन जी महाराज (परमाध्यक्षा, श्री प्रेम मंदिर, अंबाला शहर) तथा श्री श्री 108 श्री कांता बहन जी महाराज (परमाध्यक्षा, श्री प्रेम मंदिर, पानीपत) का भी पावन सानिध्य प्राप्त होगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत 31 मार्च 2026 (मंगलवार) को प्रातः 10 बजे श्री रामायण जी एवं श्री गुरुगाथा जी का पाठ प्रारंभ होगा, जिसके बाद संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा। उसी दिन सायं 7 बजे “एक शाम ठाकुर जी के नाम – मौज फकीरा दी शाम” का भव्य आयोजन होगा।
इसके बाद 1 अप्रैल 2026 (बुधवार) को प्रातः 10 बजे श्री गुरुगाथा जी एवं श्री रामायण जी के पाठ का भोग तथा संकीर्तन होगा। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
भजन संध्या में दिल्ली के प्रसिद्ध भजन गायक मनीष चौहान और दिलेश सुनेजा अपनी मधुर भक्ति प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवीन सेठी द्वारा किया जाएगा।
आयोजक श्री हरमिलाप सेवक सभा एवं महिला संकीर्तन मंडल, हापुड़ ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कार्यक्रम में पहुंचकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
हापुड़ में 53वां वार्षिक धार्मिक यज्ञोत्सव: श्री हरमिलाप वैष्णो देवी मंदिर में रामायण पाठ, संकीर्तन व विशाल भंडारे का होगा आयोजन
